भोजपुरी सिनेमा जगत से एक बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आई है। भोजपुरी के सुपरस्टार्स को एक साथ लेकर आ रहे नए अनफिल्टर्ड रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का फर्स्ट लुक जारी होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मच गया है।
निरहुआ का बड़ा बयान वायरल
शो के प्रोमो में दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का एक बयान सबसे ज्यादा चर्चा में है। प्रोमो के आखिर में निरहुआ कहते नजर आते हैं कि ‘भोजपुरी बवाल’ सलमान खान के मशहूर शो ‘बिग बॉस’ से भी आगे निकल जाएगा। उनका यह दावा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और फैंस इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
स्टार्स से सजा शो
प्रोमो में पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे बड़े नाम एक साथ एक डाइनिंग टेबल पर बैठे नजर आते हैं। शुरुआत हंसी-मजाक से होती है, लेकिन कुछ ही पलों में माहौल गरमा जाता है और सितारों के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है, जो दर्शकों को शुरू से आखिर तक बांधे रखती है।
फैंस में मिली-जुली प्रतिक्रिया
कुछ फैंस निरहुआ के इस दावे से उत्साहित हैं और शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि ‘बिग बॉस’ जैसी लोकप्रियता हासिल करना आसान नहीं होगा। बहरहाल, इस प्रोमो ने भोजपुरी सिनेमा के फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है।


