मुंबई: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 600 अंक तक टूट गया, जबकि निफ्टी 24,200 के स्तर से नीचे फिसल गया।
प्राइवेट बैंक शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी प्राइवेट बैंक सबसे ज्यादा कमजोर रहा। इसके अलावा निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में भी बिकवाली का दबाव देखा गया। हालांकि निफ्टी फार्मा, निफ्टी मेटल और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में खरीदारी दर्ज हुई, और ये बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर के पार
अमेरिका द्वारा लगातार नौवीं रात ईरान से जुड़े ठिकानों पर हमले किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा, और ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। जुलाई वायदा में ब्रेंट क्रूड 2.4% की तेजी के साथ 90.23 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता देखा गया।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक पश्चिम एशिया की स्थिति स्थिर नहीं होती, तब तक निवेशकों में सतर्कता बनी रह सकती है।


